अनुभूति कार्यक्रम में बच्चों ने जाना जंगल का महत्व
शिवपुरी। वन, पर्यावरण और वन्यजीवों के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने की दिशा में वन परिक्षेत्र बदरवास द्वारा अनुभूति कार्यक्रम वर्ष 2025-26 का भव्य और सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश इको पर्यटन विकास बोर्ड के सौजन्य से संचालित हुआ, जिसमें स्कूली बच्चों को प्रकृति से सीधे जुडऩे और जंगल को नजदीक से समझने का दुर्लभ अवसर मिला। इस विशेष कार्यक्रम में शासकीय हाई स्कूल बूढ़ा डोंगर के 60 छात्र-छात्राएं तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लुकवासा के 60 छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ शामिल हुए। इसके साथ ही वन परिक्षेत्र बदरवास का समस्त स्टाफ भी सक्रिय रूप से कार्यक्रम का हिस्सा रहा। बच्चों को बस एवं पैदल भ्रमण के माध्यम से नेशनल पार्क एवं वन क्षेत्र का अवलोकन कराया गया, जहां उन्होंने वनों, जैव विविधता और वन्यजीवों को करीब से देखा और समझा।
कार्यक्रम के दौरान वन परिक्षेत्र अधिकारी रवि पटेरिया ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे व्यवहारिक जीवन में जंगल और वन्य जीवों का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि वन सुरक्षित रहेंगे, तभी मानव जीवन, जल, पर्यावरण और भविष्य सुरक्षित रहेगा। उनके मार्गदर्शन और सरल शब्दों में दी गई जानकारी ने बच्चों को विशेष रूप से प्रेरित किया। उन्होंने वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और मानव-वन्यजीव समन्वय जैसे विषयों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के उपरांत बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इसके बाद वन विभाग द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें वन, पर्यावरण और वन्यजीवों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। यह आयोजन वन मंडल अधिकारी सुधांशु यादव के निर्देशन में, उपवन मंडल अधिकारी करैरा आदित्य, वन परिक्षेत्र अधिकारी बदरवास रवि पटेरिया तथा कार्यक्रम प्रभारी सुनील सेन (लुकवासा) के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मोहन लोधी, पुरुषोत्तम शर्मा, विकास दुबे, अरविंद कुशवाहा, अरुणेश सिंह, देशराज जाटव, अरविंद सिहरे, सोनू सोनी, रामसुखी रघुवंशी, विजयलता शर्मा, बाबूलाल मौर्य, दीप्ति शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

.jpg)
