कोलारस में हुई करोड़ों की चोरी का पर्दाफाश, 1.53 करोड़ के चांदी–सोने के आभूषण बरामद, दो चोर गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। कोलारस पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कोलारस कस्बे में हुई करोड़ों की चोरी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी गए 46 किलो चांदी एवं सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 53 लाख रुपये है, बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से न केवल व्यापारियों में राहत की सांस है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। घटना 26/27 जुलाई 2025 की दरम्यानी रात की है। कोलारस सदर बाजार में स्थित सोना–चांदी की दुकान की शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने पायल, करधौनी, कड़े, चूड़ा, मंगलसूत्र, टोक्स सहित बड़ी मात्रा में आभूषण चोरी कर लिए। सुबह करीब 5 बजे पड़ोसी की सूचना पर दुकान मालिक गिरीश कुमार जैन मौके पर पहुंचे, जहां दुकान की हालत देखकर चोरी का खुलासा हुआ। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोलारस में बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

चोरी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ स्वयं पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल सख्त निर्देश दिए। उनके निर्देशन में पांच विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में टीमों ने दिन–रात मेहनत करते हुए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। साथ ही शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना और भिंड जिलों में 100 से अधिक संदिग्ध बदमाशों से पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान सायबर सेल पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय ग्वालियर एवं सायबर सेल शिवपुरी की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, जिससे स्थानीय आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले। इसके बाद थाना प्रभारी कोलारस निरीक्षक गब्बर सिंह गुर्जर के नेतृत्व में विशेष टीमों द्वारा लगातार दबिश दी गई। 20 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अमन रावत चोरी का माल बेचने के लिए मोटरसाइकिल से शिवपुरी जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने सेसई रोड एवं गुरुद्वारे के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास चांदी के आभूषण मिले। पूछताछ में उसने अपने साथी अभिषेक रावत सहित अन्य के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने अमन रावत उम्र 22 वर्ष एवं अभिषेक रावत उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम खोंकर में ठाकुर बाबा के चबूतरे के पास गड्ढा खोदकर छिपाया गया चोरी का माल बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा बनाकर 46 किलो चांदी एवं सोने के आभूषण जप्त किए। उक्त कार्रवाई में एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा, थाना प्रभारी निरीक्षक गब्बर सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक सौरभ तोमर, उप निरीक्षक सावित्री लकड़ा, सउनि अमृतलाल भिलाला, सउनि गुनेश्वर पैंकरा, प्र.आर. उदय सिंह, प्र.आर. रविन्द्र बुंदेला, प्र.आर. सुधीर सिंह, प्र.आर. नरेश यादव, प्र.आर. रघुवीर सिंह, आरक्षक राहुल परिहार, आरक्षक पुष्पेन्द्र रावत, आरक्षक राहुल रावत, आरक्षक शिववीर, आरक्षक रामसिंह पटेलिया, आरक्षक गजराज सिंह, आरक्षक मनोज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही सायबर सेल पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय ग्वालियर से प्र.आर. 558 राकेश गुर्जर, प्र.आर. 437 धर्मेन्द्र परमार तथा सायबर सेल शिवपुरी से उप निरीक्षक धर्मेन्द्र जाट एवं आरक्षक विकास चौहान का विशेष योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top