बैराड़ पुलिस का छापा: 150 लीटर कच्ची शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। अवैध शराब के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत बैराड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाथ भट्टी की बनी 150 लीटर कच्ची शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में 2 फरवरी की शाम थाना बैराड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टपरा मोहल्ला निवासी सुल्तान बंजारा अपने घर में अवैध शराब बनाकर बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना की तस्दीक पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भाग निकला, जबकि मौके से सुल्तान पुत्र गुलाब सिंह बंजारा उम्र 35 वर्ष निवासी खतौरा, हाल टपरा मोहल्ला बैराड को पकड़ लिया गया। उसके आंगन की तलाशी में तीन नीले प्लास्टिक के कैन, प्रत्येक लगभग 50 लीटर क्षमता के, हाथ भट्टी की कच्ची शराब से भरे मिले। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त दो एल्युमीनियम ढेकची, एक भगोना और तीन खाली कैन भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दरबार बंजारा के साथ मिलकर शराब बनाकर बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है और फरार साथी की तलाश जारी है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शिवहरे, प्रधान आरक्षक दुर्गाचरण शर्मा, प्रधान आरक्षक हरिओम जाटव, आरक्षक संदीप राठौर, गिर्राज त्यागी, शोभाराम, अतरसिंह और मनोज धाकड़ की विशेष भूमिका रही। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top