तहसीलदार को खुलेआम धमकी : यहीं गोली मार दूंगा...जेल चला जाऊंगा...!

MP DARPAN
0

अवैध मिट्टी उत्खनन रोकने पहुँची राजस्व टीम पर दबंग का दुस्साहस, पिता-पुत्र समेत तीन पर एफआईआर

शिवपुरी। बदरवास क्षेत्र में अवैध मिट्टी उत्खनन पर कार्रवाई करने पहुँची राजस्व टीम के साथ हैरान करने वाली घटना सामने आई। सिंध नदी के पास शासकीय भूमि पर कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ने तहसीलदार को खुलेआम जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि मान जाओ, नहीं तो यहीं गोली मार दूंगा... जेल चला जाऊंगा। इतना ही नहीं, उसने अपने बेटे को घर से बंदूक लाने के लिए भी कह दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, तहसीलदार सचिन भार्गव पटवारी और कोटवार के साथ ग्राम सड़बूड़ रोड स्थित शासकीय भूमि पर चल रहे अवैध मिट्टी उत्खनन को रोकने पहुँचे थे। मौके पर एक हाईड्रा मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी निकाली जा रही थी। जब राजस्व अमले ने वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, तभी आरोपी जयमंडल यादव आक्रामक हो गया और टीम को धमकाने लगा। हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी एक हाईड्रा मशीन और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके से भगा ले गए, जबकि राजस्व टीम ने मिट्टी से भरी एक स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली। घटना के बाद कोटवार सुनील कुमार प्रजापति की शिकायत पर बदरवास थाना पुलिस ने जयमंडल यादव, उसके पिता लाखन यादव और बेटे विकुल यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सरकारी अधिकारियों को खुलेआम धमकी देने और अवैध उत्खनन के आरोपियों के इस दुस्साहस ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top