तहसीलदार को धमकी देना पड़ा भारी, 3 आरोपी गिरफ्तार, बुलडोजर चला, हथियार जब्त

MP DARPAN
0

शासकीय रास्ता ध्वस्त, अवैध निर्माण जमींदोज, हथियार का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू

शिवपुरी। बदरवास के ग्राम सड़बूड़ में अवैध मिट्टी उत्खनन रोकने पहुंचे तहसीलदार सचिन भार्गव को खुलेआम गोली मार दूंगा... जेल चला जाऊंगा की धमकी देने का मामला आरोपियों पर भारी पड़ गया। जयमंडल यादव, लाखन यादव और विकुल यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि जिला प्रशासन ने आरोपी पक्ष के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे जमींदोज कर दिया। साथ ही आरोपियों से बरामद हथियार जब्त कर उसका लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।

सिंध नदी किनारे शासकीय भूमि पर अवैध मिट्टी उत्खनन की सूचना पर तहसीलदार सचिन भार्गव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। उनके साथ पटवारी ब्रिजेन्द्र, प्रभाकर मरैया, जितेंद्र दांगी, कोटवार बलवीर केवट, पवन वाल्मीकि और वाहन चालक सुनील कुमार मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान जयमंडल यादव ने तहसीलदार को धमकी दी और बेटे विकुल यादव को बंदूक लाने के लिए आवाज लगाई। हंगामे के बीच आरोपी एक हाइड्रा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गए, जबकि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली राजस्व टीम ने जब्त कर बदरवास थाने पहुंचा दी। कोटवार सुनील कुमार की शिकायत पर पुलिस ने जयमंडल यादव, लाखन यादव और विकुल यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने नदी घाट तक बना अवैध रास्ता ध्वस्त किया, अवैध निर्माण हटाया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी नवीन यादव ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top