मुरैना के किशनपुर गांव में खौफनाक वारदात, शोक और दहशत का माहौल
मुरैना। जिले के किशनपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। एक व्यक्ति ने पहले घर में सो रही अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह गांव से कुछ दूरी पर स्थित शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह घटना का खुलासा होते ही गांव में मातम पसर गया।
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय बलराम सिंह कुशवाहा ने देर रात अपनी 32 वर्षीय पत्नी रविता कुशवाहा, 8 वर्षीय बेटे आरव और 5 वर्षीय बेटे देबू पर सोते समय कुल्हाड़ी से हमला किया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बलराम घर से निकला और शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचकर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पूरे घर का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी। मुख्यालय डीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि फिलहाल हत्या और आत्महत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही पारिवारिक विवाद, आर्थिक स्थिति और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। एफएसएल की रिपोर्ट और जांच के बाद ही इस सनसनीखेज हत्याकांड की असली वजह सामने आ सकेगी। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से किशनपुर गांव में शोक और दहशत का माहौल है। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, वह स्तब्ध रह गया। पुलिस का कहना है कि हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।


