डीईओ यादव का आदर्श नगर स्कूल का औचक निरीक्षण, हाजिरी रजिस्टर भरा, कक्षाएं खाली मिली!

MP DARPAN
0

800 से अधिक नामांकन के बावजूद सूनी कक्षाएं, आईटी लैब बनी कबाड़घर, लिपिक नदारद, अनियमितताओं पर जवाब तलब

शिवपुरी। शहर के आदर्श नगर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव के औचक निरीक्षण ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था की कई गंभीर खामियों को उजागर कर दिया। कागजों में 800 से अधिक छात्र-छात्राओं का नामांकन दर्ज है, लेकिन निरीक्षण के समय विद्यालय में केवल कक्षा आठ के 9 विद्यार्थी ही मौजूद मिले। कक्षा नौवीं से बारहवीं तक का एक भी छात्र-छात्रा उपस्थित नहीं था।

निरीक्षण के दौरान डीईओ ने कक्षाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों के बीच बैठकर अंग्रेजी विषय के अध्यापन का अवलोकन किया। सबसे चौंकाने वाली स्थिति विद्यालय की आईटी प्रयोगशाला में सामने आई, जहां कंप्यूटर शिक्षा के बजाय कबाड़ का ढेर मिला। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए इसे सरकारी संसाधनों की खुली उपेक्षा बताया। विद्यालय में 39 कर्मचारी पदस्थ होने के बावजूद अधिकांश अनुपस्थित या अन्यत्र संलग्न पाए गए। दो लिपिक विद्यालय में नहीं मिले, जबकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भी भारी कमी नजर आई। इतना ही नहीं, एकीकृत विद्यालय होने के बावजूद नियमों के विपरीत दो पालियों में संचालन किया जा रहा था, जिस पर भी डीईओ ने कड़ी आपत्ति दर्ज की। जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जवाब मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही छात्र उपस्थिति बढ़ाने, शिक्षण व्यवस्था सुधारने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीईओ आकाश यादव ने कहा कि निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं मिली हैं। संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जवाब प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top