शिवपुरी। जिले में नशे के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 किलो से ज्यादा चरस की तस्करी मामले में फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश से धर दबोचा। थाना देहात पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में मुख्य सप्लायर शिवम उर्फ मोहन ठाकुर को सीतापुर उ.प्र. से गिरफ्तार कर लिया, साथ ही तस्करी में इस्तेमाल आयशर डीसीएम वाहन भी जब्त किया गया।
मामला 4 सितंबर 2025 का है, जब कोटा-झांसी फोरलेन पर मझेरा गांव के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदीप सिंह सिख उम्र 38 वर्ष निवासी रमतला, कोलारस को पकड़ा था। उसके कब्जे से दो बैगों में भरी 60 पैकेट चरस कुल 30 किलो 295 ग्राम बरामद हुई थी। बरामदगी के बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ में संदीप ने खुलासा किया कि यह खेप उसे मोहन उर्फ शिवम ठाकुर ने सप्लाई की थी, जो आयशर डीसीएम वाहन से टमाटर की आड़ में माल लाता था और नेपाल तक नेटवर्क फैला रखा था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर फरार आरोपी की तलाश शुरू की गई। लगातार तकनीकी व मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 5 फरवरी 2026 को सीतापुर, उत्तर प्रदेश से शिवम ठाकुर उम्र 32 वर्ष पुत्र शारदावक्स ठाकुर निवासी हरगांव जिला सीतापुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त आयशर डीसीएम क्रमांक यूपी 41 एटी 9732 भी जब्त की गई। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र मावई, उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह सेंगर, प्रधान आरक्षक दीपचन्द्र, केशव सिंह राजावत, देवेन्द्र सेन, आरक्षक अरुण मेवाफरोस व मिथुन कुशवाह की सराहनीय भूमिका रही।


