थानों की हकीकत परखने मैदान में उतरे आईजी सक्सेना, सीसीटीएनएस से मालखाना तक चेकिंग, कसी पुलिस तंत्र पर लगाम

MP DARPAN
0

अनुशासन और व्यवस्था सुधार पर फोकस, दिए सुधार के निर्देश

शिवपुरी। ग्वालियर जोन के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना ने जिले में पुलिस व्यवस्था की नब्ज टटोलने के लिए लगातार दूसरे दिन भी सख्त निरीक्षण अभियान जारी रखा। पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय की समीक्षा के बाद उन्होंने थाना दिनारा, थाना करैरा और एसडीओपी कार्यालय करैरा पहुंचकर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत देखी।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने रोजनामचा, अपराध रजिस्टर, विवेचना अभिलेख सहित सभी महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच की। थानों की सीसीटीएनएस प्रणाली, कंप्यूटर उपकरण और डेटा संधारण व्यवस्था पर विशेष फोकस रहा, ताकि अपराधों का डिजिटल रिकॉर्ड अपडेट और सटीक बना रहे। उन्होंने मालखाना, शस्त्रागार और सुरक्षा नियंत्रण तंत्र का निरीक्षण कर हथियारों और जब्त संपत्ति के सुरक्षित रख-रखाव के निर्देश दिए। थाना परिसर की भौतिक स्थिति, साफ-सफाई, आगंतुक कक्ष, स्टाफ आवास और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। आईजी श्री सक्सेना ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अनुशासन, पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता ही बेहतर पुलिसिंग की कुंजी है। उन्होंने कार्यप्रणाली में सुधार, रिकॉर्ड प्रबंधन को दुरुस्त रखने और जनता से व्यवहार में संवेदनशीलता बनाए रखने पर जोर दिया। जहां कमियां पाई गईं, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। इस सघन निरीक्षण को जिले में पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त और जवाबदेह बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top