शिवपुरी। शहर में रविवार को हुई एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज दो घंटे में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। युवती को कथित रूप से ज़बरदस्ती शराब पिलाकर जहर देने की कोशिश की गई थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए फिजिकल थाना पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
फिजिकल टीआई नम्रता भदौरिया के अनुसार, 8 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2 बजे 19 वर्षीय युवती निवासी करोदी कॉलोनी को आरोपी दिलीप धाकड़ बहला-फुसलाकर घर से ग्वालियर बायपास की ओर ले गया। युवती ने सिद्दी विनायक अस्पताल में दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे जबरन शराब पिलाई और जान से मारने की नीयत से कीटनाशक दवा पिला दी। हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे अस्पताल के बाहर छोड़कर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 123 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सीएसपी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी के मोबाइल की टावर लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन कोलारस क्षेत्र में मिलने पर पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई। ग्राम मोहराई के पास घेराबंदी कर आरोपी दिलीप धाकड़ उम्र 23 वर्ष निवासी करोदी कॉलोनी को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से कीटनाशक दवा की डिब्बी और शराब की कैन बरामद की गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। विधिसम्मत कार्रवाई के बाद आरोपी को 9 फरवरी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक नम्रता भदौरिया, सउनि नारायण सिंह, प्रधान आरक्षक अंकित सिंह, विजय सेंगर, देवेंद्र रावत, नरेंद्र राठौर, हरिओम यादव, प्रेम सिंह और महिला आरक्षक रुबी की सराहनीय भूमिका रही।


