शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस की दबिश में मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि भारी मात्रा में अवैध हथियार और हथियार बनाने का सामान जब्त किया गया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ द्वारा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
करैरा टीआई विनोद छावई के अनुसार, 27 जनवरी 2026 को करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पपरेडू में एक व्यक्ति अपने डेरे के पास बनी झोपड़ीनुमा कुठरिया में अवैध हथियारों का निर्माण कर रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। उसने अपना नाम सुखदेव रावत उम्र 42 वर्ष निवासी पपरेडू बताया। पास ही बनी टपरिया की तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए। अंदर एक अन्य व्यक्ति परशुराम झा उम्र 40 वर्ष निवासी बम्होरी सुहागी, जिला झांसी (उ.प्र.) ग्राइंडर मशीन से लोहे की रॉड काटते मिला। मौके पर अवैध हथियार निर्माण का पूरा सेटअप मौजूद था। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना करैरा में अपराध क्रमांक 60/26 के तहत धारा 25/27, 25(1)(A), 25(1)(B) आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ये हथियार किन लोगों तक सप्लाई किए जाने थे। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उपनिरीक्षक चेतन शर्मा (चौकी प्रभारी सुनारी), सहायक उपनिरीक्षक चरण सिंह, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, आरक्षक मत्स्येन्द्र सिंह, हरेन्द्र गुर्जर, सुरेन्द्र रावत, राधेश्याम सिंह जादौन, दीपक मल्होत्रा, आरक्षक राघवेन्द्र पाल एवं रामअवतार की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने मौके से 7 देशी हथियार (कट्टे/अधिया 12 बोर व .315 बोर), 5 जिंदा कारतूस, 37 खाली खोखे, अधबने हथियारों के हिस्से, लोहे की रॉड, वेल्डिंग मशीन, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, औजार और अन्य उपकरण जब्त किए। प्राथमिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अवैध हथियार निर्माण करना स्वीकार किया।


