शिवपुरी। अपराधों की रोकथाम और रात्रिकालीन कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा ने 24-25 जनवरी 2026 की रात्रि को थाना मायापुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रात्रि गश्त में तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली, थाने की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया गया।
एसडीओपी पिछोर ने देर रात थाना पहुंचकर सबसे पहले रात्रि ड्यूटी में लगे बल को चेक किया। निरीक्षण के समय आरक्षक सर्वेश शर्मा ड्यूटी पर उपस्थित पाए गए, वहीं सूचना पर थाना प्रभारी दिनेश नरवरिया भी मौके पर पहुंचे। हवालात का निरीक्षण करने पर कोई बंदी नहीं पाया गया, जिससे थाने की स्थिति संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान थाने के महत्वपूर्ण रजिस्टरों की जांच की गई और आवश्यक टीप अंकित करते हुए कार्यवाही में और अधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसडीओपी ने रात्रि गश्त में लगे पुलिस बल को अधिक मुस्तैदी, सतर्कता और सक्रियता के साथ गश्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि रात्रिकालीन गश्त अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण की सबसे प्रभावी कड़ी है। थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही वारंट तामीली में तेजी लाने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान थाने में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे चालू अवस्था में पाए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया गया। एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा ने स्पष्ट कहा कि थानों की रात्रिकालीन व्यवस्था, गश्त और निगरानी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


