डीआईजी अमित सांघी ने कोलारस सराफा चोरी का भंडाफोड़ करने वाली पुलिस टीम को किया सम्मानित

MP DARPAN
0

शिवपुरी। कोलारस में सराफा व्यापारी की दुकान से हुई करोड़ों की सनसनीखेज चोरी का सफल खुलासा कर शिवपुरी पुलिस ने एक बार फिर अपनी दक्षता और तत्परता साबित की है। इसी उल्लेखनीय उपलब्धि पर पुलिस उप महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज ग्वालियर अमित सांघी ने पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में आयोजित कार्यक्रम में चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीमों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि 27 जुलाई 2025 को कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत सदर बाजार निवासी सराफा व्यापारी गिरीश कुमार जैन ने थाना कोलारस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान की शटर तोड़कर इस्तेमाल किए गए सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये थी, चोरी कर लिए। यह वारदात 26-27 जुलाई 2025 की रात को अंजाम दी गई थी। मामले में थाना कोलारस पर अपराध क्रमांक 285/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी अमित सांघी ने पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ से पूरे प्रकरण की जानकारी ली और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी के नेतृत्व में शिवपुरी पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए विशेष टीमें गठित कीं और हर पहलू से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की और लगभग 100 संदिग्धों से पूछताछ की। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर सटीक रणनीति बनाई गई। निरंतर प्रयासों का परिणाम यह रहा कि पुलिस ने इस बड़ी चोरी का सफल खुलासा करते हुए चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात करीब 1 करोड़ 53 लाख रुपये मूल्य के बरामद कर लिए। इस प्रकरण में पुलिस द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शिवपुरी पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल व्यापारियों में भरोसा बढ़ा है, बल्कि अपराधियों को भी स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सम्मान समारोह में डीआईजी अमित सांघी ने कहा कि शिवपुरी पुलिस की यह सफलता टीमवर्क, सतर्कता और पेशेवर पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं एसपी अमन सिंह राठौड़ ने कहा कि भविष्य में भी अपराध नियंत्रण के लिए इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top