शिवपुरी पुलिस अलर्ट मोड पर: एसपी राठौड़ ने ली क्राइम मीटिंग,12 सूत्रीय एक्शन प्लान तैयार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में एक अहम क्राइम मीटिंग आयोजित की। बैठक में जिले के सभी एसडीओपी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। एसपी राठौड़ ने बीते अपराधों की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्ती से अमल किया जाएगा।

क्राइम मीटिंग में एसपी ने लंबित मामलों, गंभीर अपराधों, महिला अपराधों और अवैध गतिविधियों पर विशेष फोकस रखा। उन्होंने निर्देश दिए कि चिन्हित एवं गंभीर अपराधों में अधिक से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधों का शीघ्र निराकरण हो सके। साथ ही एक वर्ष से अधिक लंबित अपराधों और छह माह से अधिक लंबित चालानों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा को लेकर एसपी राठौड़ ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि महिला संबंधी अपराधों में तत्काल पुलिस सहायता पहुंचाई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थानों में आने वाले फरियादियों से संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेने और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, स्मैक, गांजा, जुआ, सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। हिस्ट्रीशीटर, गुंडा-बदमाश और जिलाबदर आरोपियों की नियमित चेकिंग, वारंटियों की अधिक से अधिक गिरफ्तारी और वारंट तामील पर भी जोर दिया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नाबालिग बालक-बालिकाओं के दस्तावेजीकरण तथा आदतन अपराधियों की जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा एससी/एसटी के लंबित प्रकरणों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई और निराकरण के निर्देश दिए गए। एसपी ने सभी थानों को एक साथ कॉम्बिंग गश्त करने, स्थायी व गिरफ्तारी वारंटियों, गुंडा-बदमाशों व जिलाबदर आरोपियों की सघन चेकिंग तथा होटल-ढाबों की जांच के निर्देश दिए। क्राइम मीटिंग के अंत में एसपी अमन सिंह राठौड़ ने दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था में कोई ढील नहीं होगी, पुलिस को मुस्तैदी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top