अग्रि सुरक्षा इंतजाम नदारद मिलने पर बैराड़ में 6 कोचिंग सेंटर और 2 हॉस्टल सील

MP DARPAN
0

छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों पर बड़ी कार्रवाई

शिवपुरी। छात्रों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बैराड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 कोचिंग सेंटर और 2 हॉस्टलों को सील कर दिया। जांच के दौरान इन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संचालन पर रोक लगा दी।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसडीएम जे.पी. गुप्ता के मार्गदर्शन में तहसीलदार द्रगपाल सिंह बैश के नेतृत्व में संयुक्त दल ने बैराड़ क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों का निरीक्षण किया। जांच में कई स्थानों पर अग्निशमन उपकरणों की कमी, आपातकालीन निकास व्यवस्था का अभाव और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई गई। कार्रवाई के दायरे में आए संस्थानों में ग्लोबल स्टेनो इंस्टीट्यूट, विनायक स्टेनो क्लास, दीपेश झा सर कोचिंग सेंटर, रवि धाकड़ सर कोचिंग क्लासेस, विजय भारद्वाज कोचिंग सेंटर, सिद्धार्थ इंग्लिश पॉइंट, रेडियंट स्कूल कालामढ़ में संचालित हॉस्टल तथा विद्या बिहार हॉस्टल शामिल हैं। सभी संस्थानों को नियमों के उल्लंघन के चलते सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी महेश चंद्र जाटव, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अवधेश सिंह तोमर तथा नगर परिषद का अमला भी मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पूरे होने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र के कोचिंग और हॉस्टल संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top