शिवपुरी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बैराड़ थाना पुलिस ने एक और निर्णायक कार्रवाई की है। इस सुनियोजित कार्रवाई के तहत पुलिस ने 15 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर करीब 5 लाख रुपये की नशीली सामग्री जब्त की।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशों के अनुरूप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टोरिया–झिरी रोड क्षेत्र में एक युवक स्मैक की अवैध बिक्री के उद्देश्य से सक्रिय है। थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बिना समय गंवाए टीम को अलर्ट किया और संदिग्ध इलाके में निगरानी बढ़ाई गई। तय योजना के अनुसार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपनी पहचान महेंद्र उर्फ टकला उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम झिरी थाना पोहरी जिला शिवपुरी के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण बरामद किया गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वह नशे की पुड़िया बनाकर बिक्री की तैयारी में था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने नशा सप्लाई से जुड़े अन्य संपर्कों के बारे में अहम जानकारियां दी हैं। थाना प्रभारी सुरेश शर्मा के अनुसार, पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर बड़े सप्लायर तक पहुंचने की दिशा में काम कर रही है।


