शहीद मेले में काव्य की गूंज, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

MP DARPAN
0

शिवपुरी। अमर शहीद तात्या टोपे के बलिदान दिवस पर आयोजित दो दिवसीय शहीद मेले में देशभक्ति, साहित्य और सांस्कृतिक रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला। तात्या टोपे पार्क में 18-19 अप्रैल को आयोजित इस मेले का मुख्य आकर्षण रहा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, जिसने देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। 18 अप्रैल की शाम देशभक्ति गीतों से वातावरण गूंज उठा, वहीं 19 अप्रैल को कवि सम्मेलन में देशभर से आए कवियों ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत कर दिया। ओज, श्रृंगार, हास्य और गीत की विविध विधाओं में काव्य पाठ ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

इंदौर के मुकेश मौलवा, उदयपुर की डॉ. कविता किरण, शिवपुरी की अंजली गुप्ता और दिल्ली की मनु वैशाली ने श्रृंगार और देशभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं से श्रोताओं के मन में भावनाओं का ज्वार पैदा कर दिया। वहीं चित्तौडग़ढ़ के हरीश हंगामा, हरदा के मुकेश शाण्डिल्य और शिवपुरी के आशीष पटेरिया ने हास्य रस से माहौल को हल्का-फुल्का और आनंदमय बना दिया। रायसेन के दिनेश याज्ञनिक और खरगौन के शंभू मनहर की ओजपूर्ण और गीतात्मक प्रस्तुतियों को भी खूब सराहा गया। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष शर्मा ने प्रभावी अंदाज में किया, जिससे पूरे आयोजन में निरंतरता और उत्साह बना रहा। श्रोताओं की भारी मौजूदगी और उनकी तालियों की गूंज ने कवियों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया। शहीद मेले का यह कवि सम्मेलन न सिर्फ मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि देशभक्ति और साहित्यिक चेतना को भी नई ऊर्जा देने में सफल रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top