डबरा। वैशाख पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहर में कांग्रेस नेताओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान बुद्ध की जयंती मनाई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व प्रदेश महामंत्री (अ.जा. विभाग, मप्र कांग्रेस) महाराज सिंह राजौरिया तथा नगर पालिका परिषद डबरा की पार्षद श्रीमती सुनीता महाराज सिंह राजौरिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भगवान बुद्ध के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाराज सिंह राजौरिया ने कहा कि भगवान बुद्ध का सत्य, अहिंसा और करुणा का संदेश आज के दौर में और अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा कि बुद्ध का जीवन हमें शांति, संयम और धैर्य के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देता है। वहीं पार्षद सुनीता राजौरिया ने बुद्ध पूर्णिमा के साथ अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन मानवता और श्रम दोनों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमें बुद्ध के सिद्धांतों को अपनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भगवान बुद्ध के पंचशील सिद्धांतों का पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सर्वश्री रतन सिंह रावत, हरविंदर सिंह हीरा (पार्षद), सुमित साहू (पार्षद), कमलेश बाथम (पार्षद), जगदम्बा चौबे, देवेन्द्र सिंह रावत, मोहर सिंह (सरपंच), मंगल सिंह राजौरिया, बलवेन्द्र सिंह राजौरिया (अधिवक्ता), एवरन सिंह रावत, प्रमोद जाटव, दौजीराम जाटव, कैलाश शाक्य, लोकेंद्र परमार (पूर्व पार्षद), नितेश चतुर्वेदी, भगवानलाल कुशवाह, काशीराम सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बुद्ध पूर्णिमा की मंगलकामनाएं देते हुए समाज में शांति, सद्भाव और मानवता के प्रसार का संकल्प दोहराया।


