पूजा के नाम पर ठगी का खेल खत्म: कोतवाली पुलिस ने शातिर को दबोचा, डेढ़ लाख का माल बरामद

MP DARPAN
0

शिवपुरी। पूजा-पाठ के नाम पर महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी करने वाले शातिर आरोपी को कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से दो सोने के मंगलसूत्र, सोने के टॉप्स और घटना में प्रयुक्त स्कूटी सहित करीब 1.50 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है। 

कोतवाली टीआई रोहित दुबे के अनुसार, 23 अप्रैल  को रातौर पुलिया के पास रहने वाली एक महिला के घर अकेले होने का फायदा उठाकर आरोपी पहुंचा। उसने खुद को पूजा-पाठ करने वाला बताकर महिला को झांसे में लिया और घर की परेशानियां दूर करने का लालच देकर दो मंगलसूत्र और टॉप्स लेकर फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में टीआई रोहित दुबे ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान दीपक उर्फ राजू विश्वकर्मा निवासी अशोकनगर के रूप में की। 30 अप्रैल को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने ठगी की वारदात कबूल की। उसके निशानदेही पर अशोकनगर से सोने के आभूषण बरामद किए गए। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस स्कूटी भी जब्त की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी के कई मामलों में शामिल रहा है। कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top