38 वाहनों की जांच, 38 हजार रुपये का जुर्माना वसूला, माल, यात्री और स्कूल वाहन रडार पर
शिवपुरी। सड़क पर नियमों को ताक पर रखकर वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में 38 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 11 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 38 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया, जबकि गंभीर अनियमितता मिलने पर एक वाहन जब्त कर लिया गया।
जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में परिवहन उपनिरीक्षक प्रवीण डावर ने दल के साथ विभिन्न श्रेणियों के वाहनों की जांच की। इस दौरान माल वाहनों से लेकर यात्री और स्कूली वाहनों के दस्तावेजों एवं नियमों के पालन की पड़ताल की गई। कार्रवाई के दौरान छह माल वाहन, दो यात्री वाहन और तीन स्कूल वाहन नियमों के उल्लंघन के दायरे में पाए गए। इन सभी 11 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। विभाग ने एक वाहन को गंभीर अनियमितता के चलते जब्त कर अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों, मालिकों और स्कूल वाहन संचालकों को चेतावनी दी है कि वे सभी वैध दस्तावेज साथ रखें और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें। ओवरलोडिंग तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आरटीओ के अनुसार सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए जिले में औचक जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।


