शिवपुरी की बदहाल व्यवस्थाओं पर प्रशासन सख्त, स्ट्रीट लाइट से लेकर सफाई तक सुधरेगी व्यवस्था

MP DARPAN
0

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के निर्देश पर कलेक्टर अर्पित वर्मा की समीक्षा बैठक, अतिक्रमण हटाने और सड़कों की मरम्मत के दिए निर्देश

शिवपुरी। शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था, जगह-जगह लगे कचरे के ढेर और खराब स्ट्रीट लाइटों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देश पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अंधेरे वाले स्थानों पर लगेंगी स्ट्रीट लाइटें

शहर के प्रमुख चौराहों और वार्डों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए। जहां नई लाइटों की जरूरत है, वहां उनकी खरीद कर स्थापना सुनिश्चित करने को कहा गया। कलेक्टर ने स्ट्रीट लाइट से संबंधित भुगतान लंबित नहीं रखने के भी निर्देश दिए।

कचरे के ढेर और खराब वाहनों पर नाराजगी

शहर में नियमित सफाई नहीं होने और जगह-जगह कचरा जमा होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्वच्छता प्रभारी को निर्देश दिए कि कचरा संग्रहण वाहन प्रत्येक गली-मोहल्ले में नियमित रूप से पहुंचें और सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए। खराब पड़े नगर पालिका वाहनों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश भी वाहन प्रभारी को दिए गए, ताकि सफाई कार्य प्रभावित न हो।

अतिक्रमण पर कार्रवाई, सड़कों की होगी मरम्मत

यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यातायात प्रभारी और नगर पालिका सीएमओ को प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में दुकानों के बाहर लगे स्टॉल और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही, जिन प्रमुख सड़कों और वार्डों में मरम्मत की आवश्यकता है, वहां तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का जोर शहरवासियों को बेहतर सफाई, रोशनी और सुगम यातायात उपलब्ध कराने पर है। अब इन निर्देशों के धरातल पर अमल से शहर की व्यवस्थाओं में कितना सुधार आता है, इस पर लोगों की नजर रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top