कलेक्टर का औचक निरीक्षण, कहीं छात्रा को दी सफलता की सीख, तो कहीं खुद चखकर परखा मध्याह्न भोजन

MP DARPAN
0

भीमपुर और गोपलिया में स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र व राशन दुकान की व्यवस्थाएं जांचीं, महिला समूह के कामकाज की सराहना

शिवपुरी।  मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने शुक्रवार को भीमपुर और गोपलिया का दौरा कर शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, मध्याह्न भोजन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की स्थिति परखी तथा संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

छात्रा के सवाल पर कलेक्टर ने दिया सफलता का मंत्र

शासकीय हाई स्कूल भीमपुर में कक्षा 10वीं की छात्रा ने कलेक्टर से पूछा कि वे कलेक्टर कैसे बने? इस पर अर्पित वर्मा ने छात्रा को प्रशासनिक सेवा की तैयारी और मेहनत का महत्व समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को 10वीं और 12वीं में मन लगाकर पढ़ाई करने तथा मजबूत शैक्षणिक आधार तैयार करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

खुद खाया मध्याह्न भोजन, जांची गुणवत्ता

गोपलिया के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कलेक्टर ने ओपीडी, मरीजों की उपस्थिति, रिकॉर्ड संधारण और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए। शासकीय प्राथमिक विद्यालय गोपलिया में उन्होंने रसोई कक्ष का निरीक्षण किया और बच्चों को दिए जा रहे मध्याह्न भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता परखी।

महिला समूह के संचालन की सराहना

गोपलिया की शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे व्यवस्थित संचालन की सराहना की। उन्होंने इसे महिला सशक्तीकरण का प्रेरक उदाहरण बताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top