7 लाख की मोटरसाइकिलें जब्त, बंद पड़े शारदा सॉल्वेंट प्लांट में छिपाकर रखी थीं 8 बाइक
शिवपुरी। शहर में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
कोतवाली टीआई रोहित दुबे के अनुसार, 13 अक्टूबर को न्यू पुलिस लाइन रेलवे स्टेशन रोड निवासी भूरा रावत उम्र 31 वर्ष पुत्र महाराज सिंह रावत ने घर के अंदर से अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 33-जेडबी-1154 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 331(4) और 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर एएसपी रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी शिवपुरी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने टीम गठित की। 15 अक्टूबर को पुराने टोल टैक्स, ग्वालियर बायपास के पास संदिग्धों के बाइक बेचने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर प्रिंस अग्रवाल उम्र 25 वर्ष निवासी विवेकानंद चौराहा मगरौनी, अनवर उम्र 35 वर्ष निवासी तलैया मोहल्ला पुरानी शिवपुरी तथा निजाम शाह उम्र 30 वर्ष निवासी बस स्टैंड तलैया मोहल्ला, निजामपुर मगरौनी को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों से 10 मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर रेलवे स्टेशन रोड स्थित लंबे समय से बंद शारदा सॉल्वेंट प्लांट से आठ बाइक बरामद की गईं। कुल 10 मोटरसाइकिलें जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट बनने पर उन्हें जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक अजेन्द्र सिंह परिहार, गजेन्द्र परिहार, दिनेश कुमार, महाराज सिंह, नरेश दुबे, आरक्षक राहुल कुमार और चालक आरक्षक शरद यादव की सराहनीय भूमिका रही।


