बैराड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 8 लाख रुपये की 7 चोरी की बाइक बरामद, आरोपी-बाल अपचारी गिरफ्तार

MP DARPAN
0

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, जंगल से मिलीं पांच बाइक

शिवपुरी। वाहन चोरों के खिलाफ बैराड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब आठ लाख रुपये कीमत की चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में आरोपी प्रताप उर्फ गूंगा यादव और एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। बरामद मोटरसाइकिलें शिवपुरी जिले सहित अन्य क्षेत्रों से चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बैराड़ थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा के अनुसार, ग्राम नदोरा निवासी सुशील धाकड़ और बैराड़ के वार्ड क्रमांक सात निवासी कल्याण प्रजापति की मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने पुलिस टीम गठित कर चोरों की तलाश शुरू की। 17 अक्टूबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने के लिए दो संदिग्ध ककरई तिराहे के कच्चे रास्ते से शिवपुरी की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से दो चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी प्रताप उर्फ गूंगा यादव, निवासी ककरई, और विधि विरुद्ध बालक निवासी खोरा, थाना पहाड़गढ़, जिला मुरैना ने महादेव घाटी के जंगल में पांच अन्य मोटरसाइकिलें छिपाकर रखना बताया। पुलिस ने मौके से पांच और बाइक बरामद कीं। इनमें अपाचे, पल्सर और हीरो स्प्लेंडर सहित अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं। ये वाहन भटनावर, विजयपुर, कैलारस और सबलगढ़ क्षेत्रों से चोरी किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक हरिओम पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक केदार सिंह, प्रधान आरक्षक इकबाल अहमद, गिर्राज मीणा, राहुल सिंह, आरक्षक अतर सिंह रावत, ज्ञान सिंह रावत रविन्द्र धाकड़, संदीप राठौर, वीरेन्द्र धाकड़,  धर्मपाल धाकड़, धर्मेन्द्र रावत एवं चालक आरक्षक मनीष परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top