स्वामित्व योजना में तेजी लाने के निर्देश, कलेक्टर वर्मा ने बदरवास तहसील पहुंचकर परखी प्रगति

MP DARPAN
0

ई-केवाईसी और रजिस्ट्री कार्य में आएगी तेजी, एसडीएम-तहसीलदारों ने गांवों में किया निरीक्षण

शिवपुरी। ग्रामीणों को उनकी आवासीय संपत्तियों का वैधानिक मालिकाना हक दिलाने के लिए जिले में स्वामित्व योजना के तहत ई-केवाईसी एवं पंजीयन अभियान तेज कर दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने राजस्व अधिकारियों को अभियान में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने गत दिवस बदरवास तहसील कार्यालय पहुंचकर स्वामित्व योजना के अंतर्गत चल रहे पंजीयन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम शिवदयाल धाकड़ एवं तहसीलदार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर मैदानी प्रगति का निरीक्षण करने को कहा।

गांवों में पहुंचकर अधिकारियों ने की समीक्षा

करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा एवं तहसीलदार ने ग्राम खिरिया पुनावली में ई-केवाईसी और स्वामित्व अधिकार निष्पादन संबंधी कार्यों का जायजा लिया। वहीं, कोलारस एसडीएम शिवदयाल धाकड़ ने ग्राम मड़ा गणेश खेड़ा पहुंचकर ई-केवाईसी एवं रजिस्ट्री कार्य की प्रगति जांची। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर योजना की जानकारी दी और समय पर पंजीयन कराने की अपील की।

मुनादी से ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक

अभियान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गांवों में कोटवारों और ऑटो वाहनों के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ ई-केवाईसी एवं संपत्ति पंजीयन पूरा कराने की अपील की जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को संपत्ति की नि:शुल्क रजिस्ट्री मिल सके। प्रशासन के अनुसार योजना से संपत्तियों का पारदर्शी एवं विवादरहित रिकॉर्ड तैयार होगा। इससे ग्रामीणों को संपत्ति की कानूनी सुरक्षा के साथ बैंक ऋण प्राप्त करने और आजीविका के नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top