कृषि विभाग की कार्रवाई: बैराड़ में 200 बोरी डीएपी खाद जब्त, एफआईआर दर्ज

MP DARPAN
0

टाटा ट्रक से हो रहा था उर्वरक का परिवहन 

शिवपुरी। जिले में उर्वरकों के अवैध परिवहन और कारोबार के खिलाफ कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। बैराड़-पोहरी मार्ग पर अनाज मंडी के आगे एक ट्रक से डीएपी खाद की 200 बोरियां जब्त की गईं। मामले में बैराड़ थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 

उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य के अनुसार, गत 22 सितंबर 2026 को रात करीब 9:30 बजे वाहन क्रमांक एमपी 07 जीबी 0631 (टाटा एलएमडी ट्रक) से 50-50 किलोग्राम वजन की डीएपी की 200 बोरियां परिवहन की जा रही थीं। वाहन से संबंधित व्यक्तियों के बयान, पंचनामा और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उर्वरक गोरेलाल ऊपप्पन जाटव निवासी नई बस्ती रिठोनिया कैलारस जिला मुरैना का होना बताया गया है। विकासखंड पोहरी के उर्वरक निरीक्षक मुकेश कुमार दनेलिया की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 तथा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

किसानों को वैकल्पिक उर्वरकों की सलाह

उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य ने बताया कि रबी सीजन 2026-27 में उर्वरक एवं बीज की उपलब्धता और वितरण पर निगरानी रखी जा रही है। किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके के 12:16:16:16, 20:20:0:13, 10:26:26 और 14:35:14 ग्रेड अपनाने की सलाह दी गई है। विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

शिवपुरी में 34,681 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध, रबी सीजन में 9,377 मीट्रिक टन का वितरण

जिले में रबी सीजन के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया गया है। उप संचालक कृषि विभाग के अनुसार, वर्तमान में 34,681 मीट्रिक टन उर्वरक का स्टॉक है। एक अक्टूबर से अब तक 9,377 मीट्रिक टन खाद वितरित की जा चुकी है। डबल लॉक गोदामों, सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top