अपराधियों की अब खैर नहीं, एसपी की क्राइम मीटिंग में सख्त फरमान, हर थाने को दिया एक्शन प्लान

MP DARPAN
0

वारंटियों की धरपकड़ से लेकर नशे के कारोबार पर प्रहार तक, महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस और जिलेभर में कॉम्बिंग गश्त के निर्देश

शिवपुरी। जिले में अपराधियों की घेराबंदी और कानून-व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भुटिया ने सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों की हाई-लेवल क्राइम मीटिंग ली। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि अपराध, अवैध कारोबार और लापरवाही तीनों पर अब सख्ती से प्रहार होगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले सहित सभी पुलिस अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक के दौरान एसपी ने लंबित अपराधों, गंभीर मामलों और न्यायालयीन चालानों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि चिन्हित अपराधों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाए। महिला अपराधों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और पीड़िताओं को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्मैक, गांजा, जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। हिस्ट्रीशीटर, गुंडा-बदमाश, जिलाबदर और वारंटियों की नियमित निगरानी करते हुए जिलेभर में एक साथ विशेष कॉम्बिंग गश्त चलाने के आदेश दिए गए। इस दौरान होटल, ढाबों और अन्य संदिग्ध स्थानों की भी सघन जांच होगी। बैठक में जनसुनवाई, सीएम हेल्पलाइन और आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार हो और उसकी समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। इसके अलावा आदतन अपराधियों की जमानत निरस्तीकरण, एससी-एसटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, नाबालिगों की दस्तयाबी तथा साइबर जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top