पोहरी-सुभाषपुरा पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई
शिवपुरी। पोहरी थाना पुलिस ने महज 36 घंटे में 25 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई तिजोरी, सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नकद और पल्सर मोटरसाइकिल सहित पूरा मशरूका बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में श्रीवल्लभ उर्फ रणछोर पारदी पर राजस्थान के कोटा रेंज द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।जानकारी के अनुसार, 24-25 जून की रात कृष्णगंज, पोहरी निवासी नीतू शर्मा के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर करीब तीन क्विंटल वजनी तिजोरी, लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नकद और पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 33 एचबी 6543 चोरी कर ले गए थे। फरियादी अनुज शर्मा की रिपोर्ट पर थाना पोहरी में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान ने विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र, साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगातार कार्रवाई की। इस दौरान चोरी गई मोटरसाइकिल और क्षतिग्रस्त तिजोरी बरामद की गई। मुखबिर की सूचना पर आईटीआई कॉलेज के पीछे नाले से रामनिवास मोगिया, श्रीवल्लभ उर्फ रणछोर पारदी और रामेश्वर गोस्वामी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। श्रीवल्लभ के कब्जे से एक अवैध देशी बंदूक भी बरामद हुई। आरोपियों की निशानदेही पर मिट्टी में दबाकर छिपाए गए करीब 23 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नकद, चोरी गई तिजोरी और अन्य सामान बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि श्रीवल्लभ पारदी और रामनिवास मोगिया अंतर्राज्यीय गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं, जिन पर मध्यप्रदेश, राजस्थान सहित अन्य राज्यों में चोरी, लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और नकबजनी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उक्त कार्रवाई में पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान, थाना प्रभारी सुभाषपुरा उपनिरीक्षक अरविंद चौहान, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र परिहार, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह जाट सहित पुलिस टीम के हृदेश पाराशर, प्रमोद सेन, मुनेश धाकड़, राजकुमार माहौर, अरविंद कुशवाह, मांगीलाल गुर्जर, रामनाथ रावत, राघवेन्द्र यादव, रामअवतार रावत, हेमराज राठौर, अमित श्रीवास, रामभरत मीणा, उमाशंकर मीणा, चन्द्रभान रावत, संदीप राठौर, अवधेश शर्मा, गोरे जादौन, विकास चौहान और आलोक व्यास की सराहनीय भूमिका रही।



