जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ पोलोग्राउंड, गांधी पार्क और हवाईपट्टी पर पहुंचे
शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित शिवपुरी दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा सोमवार को स्वयं मैदान में उतरे और संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
कलेक्टर ने सबसे पहले पोलोग्राउंड और गांधी पार्क पहुंचकर मंच व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, आमजन की सुविधाएं, सुरक्षा इंतजाम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने हवाईपट्टी पहुंचकर हेलीकॉप्टर लैंडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी तैयारियों का भी सूक्ष्म परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने और सभी तैयारियां समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव एवं हरवीर रघुवंशी ने भी संभावित कार्यक्रम स्थलों का अवलोकन कर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया और आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, एसडीएम आनंद राजावत, डिप्टी कलेक्टर अनुराग निंगवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


