मध्यान्ह भोजन में लापरवाही पर दो स्व-सहायता समूह हटाने के निर्देश
शिवपुरी। पोहरी अनुभाग के संकुल केंद्र छर्च स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को एसडीएम जेपी गुप्ता के औचक निरीक्षण ने शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की कई खामियां उजागर कर दीं। निरीक्षण के दौरान तीन शिक्षिकाएं उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर दर्ज होने के बावजूद विद्यालय से अनुपस्थित मिलीं, जबकि मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में भी गंभीर लापरवाही सामने आई। एसडीएम ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती नंदनी चौहान, श्रीमती मीणा तिजोरिया और श्रीमती किरण मेवाड़ बिना किसी पूर्व सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित पाई गईं। इस पर एसडीएम ने संबंधित शिक्षिकाओं के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की समीक्षा में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था तथा तय मेन्यू के अनुसार भोजन वितरण नहीं हो रहा था। इस पर एसडीएम ने रामजानकी स्व-सहायता समूह एवं गढ़ी सरकार स्व-सहायता समूह को हटाने की कार्रवाई करने के लिए संबंधित बीआरसीसी को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। एसडीएम जे.पी. गुप्ता ने संकुल प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।


