परिवहन आयुक्त जोगा का परिवहन कार्यालय शिवपुरी का सघन निरीक्षण, अभिलेखों का बारीकी से किया परीक्षण

MP DARPAN
0

राजस्व वसूली, प्रवर्तन कार्यवाही एवं यात्री सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की

शिवपुरी। परिवहन विभाग में पारदर्शिता, दक्षता और जनहित को मजबूत करने के उद्देश्य से परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने बुधवार को जिला परिवहन कार्यालय शिवपुरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूरे कार्यालय की कार्यप्रणाली की परत-दर-परत समीक्षा की गई, जिससे प्रशासनिक अमले में हलचल रही।

निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती रंजना सिंह कुशवाहा ने आयुक्त को जिले की कार्यप्रणाली, राजस्व वसूली, प्रवर्तन गतिविधियों तथा विभागीय व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद आयुक्त ने उनके साथ मिलकर फिटनेस शाखा, ड्राइविंग लाइसेंस शाखा एवं पंजीयन शाखा का गहन निरीक्षण किया तथा अभिलेखों के संधारण एवं सेवा प्रक्रिया का बारीकी से परीक्षण किया। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शाखा में अभिलेख व्यवस्था सुव्यवस्थित, अद्यतन और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सेवा की गुणवत्ता ही विभाग की वास्तविक पहचान होती है। वाहन फिटनेस और सड़क सुरक्षा को लेकर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि सभी वाहनों की जांच के दौरान फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन द्वार एवं खिड़कियां, वैध बीमा, परमिट और फिटनेस प्रमाण-पत्र की अनिवार्य जांच सुनिश्चित की जाए। यात्री सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजस्व वसूली एवं प्रवर्तन कार्यवाही की समीक्षा के दौरान लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने पर जोर दिया गया। शिवपुरी एवं श्योपुर जिलों में प्रवर्तन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु अतिरिक्त अमले की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। निरीक्षण के दौरान एटीएस सेंटर (वाहन परीक्षण केंद्र) का भी अवलोकन किया गया, जहां तकनीकी व्यवस्था, उपकरणों की स्थिति और परीक्षण प्रक्रिया की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top