शिवपुरी। मध्यप्रदेश के परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने शिवपुरी प्रवास के दौरान ककरवाया स्थित नवनिर्मित संदीप ट्रेडर्स ऑटोमेटिक टेस्टिंग सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। यह आधुनिक केंद्र देशभर के कमर्शियल वाहनों की फिटनेस जांच के लिए तैयार किया गया है, जो जल्द ही विधिवत रूप से शुरू होने जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सेंटर में स्थापित अत्याधुनिक मशीनों, पारदर्शी तकनीकी प्रक्रिया और वाहन फिटनेस परीक्षण प्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परिसर की सुव्यवस्थित व्यवस्था और तकनीकी क्षमता की सराहना करते हुए इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने संचालक संदीप जैन से संचालन व्यवस्था और तकनीकी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा भी की। संदीप जैन ने बताया कि यह केंद्र न केवल शिवपुरी बल्कि देशभर से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को तेज, पारदर्शी और सटीक फिटनेस जांच सुविधा प्रदान करेगा। यहां सभी प्रकार के कमर्शियल वाहनों की ऑल इंडिया स्तर पर फिटनेस जांच संभव होगी। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने कहा कि ऐसे ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटर सड़क सुरक्षा और पारदर्शिता की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था भ्रष्टाचार रहित और समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करेगी। सेंटर का संचालन आगामी 7 दिनों में शुरू होने की संभावना है, जिसके बाद वाहन स्वामियों को फिटनेस प्रमाण पत्र के लिए एक आधुनिक, तेज और विश्वसनीय सुविधा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

