शिवपुरी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत युवा केंद्र शिवपुरी द्वारा विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर स्थानीय पोलोग्राउंड में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन छोटे खान क्रिकेट अकादमी शिवपुरी के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर पूर्व कार्यक्रम पर्यवेक्षक राजेंद्र विजयवर्गीय ने बताया कि देशभर में माय भारत केंद्रों द्वारा साइकिल रैली, योग, पैदल यात्रा, स्वच्छता अभियान एवं संगोष्ठी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। जिला युवा अधिकारी अयंक कुहार के निर्देशन में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ खिलाड़ी छोटे खान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही उज्ज्वल भविष्य की नींव है। प्रत्येक युवा को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा साइकिल चलानी चाहिए। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। रैली के दौरान युवाओं ने फिटनेस, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया। इस अवसर पर अमर सिंह पाल, दिनेश केवट, हरीशंकर त्रिपाठी, विनोद खत्री, विष्णु ओझा एवं उमेश कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


