शिवपुरी। पिछोर क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं उपायुक्त आबकारी, संभागीय उडऩदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा के स्पष्ट निर्देशों के तहत जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 5 जून 2026 को वृत्त पिछोर प्रभारी राहुल गुप्ता की टीम ने सिलपुरा कंजरडेरा क्षेत्र में अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण और भंडारण का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ। मौके से लगभग 235 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त की गई, वहीं शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए गए। सबसे बड़ी बरामदगी के रूप में टीम ने लगभग 3800 किलोग्राम गुड़-लाहन को मौके पर ही सैंपल लेकर नष्ट कर दिया, जिससे अवैध शराब निर्माण की बड़ी तैयारी पर रोक लगाई जा सकी। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 86 हजार रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग ने इस कार्रवाई के तहत आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के अंतर्गत कुल 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। इस सघन अभियान ने अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक विनीत कुमार शर्मा, आरक्षक काशीराम, गिर्राज, डोंगर सिंह, सतीश, डाल सिंह, सैनिक सुमन एवं रितु की अहम भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती और निरंतरता के साथ जारी रहेगा।


