शिवपुरी। खाद की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ग्राम वीरा में बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर पिछोर एसडीएम श्रीमती ममता शाक्य के नेतृत्व में संयुक्त दल ने छापामार कार्रवाई कर 124 बैग उर्वरक जब्त किए हैं। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान ब्रजमोहन उर्फ मुन्ना गुप्ता पुत्र भैयालाल गुप्ता, निवासी ग्राम वीरा की दुकान एवं गोदाम की जांच की गई। जांच के समय वह मौके पर अनुपस्थित मिला और उसका मोबाइल फोन भी बंद पाया गया, जिससे संदेह और गहरा गया। कुषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पंचों की मौजूदगी में गोदाम की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में उर्वरक भंडारित मिला। जब्त सामग्री में 94 बैग यूरिया (एनएफएल कंपनी), 27 बैग एसएसपी (सिंगल सुपर फॉस्फेट अन्नदाता) तथा 3 बैग एनपीके (20:20:0:13, पीपीएल नवरत्न) शामिल हैं। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित व्यक्ति के पास उर्वरक भंडारण एवं विक्रय का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। इसके बावजूद वह लंबे समय से अवैध रूप से उर्वरक का भंडारण और बिक्री कर रहा था, जो उर्वरक नियंत्रण नियमों का गंभीर उल्लंघन है। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे मामले को गंभीर मानते हुए चौकी खोड़, थाना भौंती में उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश 1985 की धारा 8 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज कराया है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद की कालाबाजारी और अवैध भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी एसडीएम को सतत निरीक्षण और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


