डीआईजी राजेश कुमार चौधरी ने दिया सत्यनिष्ठा का संदेश
शिवपुरी। भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और ईमानदार कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की शिवपुरी स्थित संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का समापन हो गया। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस अभियान का मूल मंत्र सत्यनिष्ठा से समृद्धि (प्रोबिटी फॉर प्रॉस्पेरिटी) रहा।
अभियान के दौरान संस्थान परिसर में बैनर-पोस्टर लगाकर जागरूकता का संदेश दिया गया। वहीं संस्थान में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाकर भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों और ईमानदारी के महत्व पर संवाद किया गया। इसके साथ ही ग्राम सभाओं, सरकारी कार्यालयों और रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों तथा आम नागरिकों के बीच पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया गया। नागरिकों को जागरूक करने के लिए पैदल मार्च भी निकाला गया। सरकारी आईटीआई कॉलेज के कर्मचारियों को सतर्कता संबंधी प्रावधानों एवं पीआईडीपीआई के बारे में जानकारी दी गई। वहीं संस्थान के कार्मिकों को सरकारी संपत्ति के उचित रखरखाव और संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया। समापन समारोह में संस्थान के उप महानिरीक्षक राजेश कुमार चौधरी ने कहा कि सतर्कता जीवन और कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों के प्रति ईमानदार एवं सजग रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार का हिस्सा नहीं बनना चाहिए। यदि हर नागरिक इस संकल्प को अपनाए तो देश निश्चित रूप से प्रगति करेगा। उप महानिरीक्षक राजेश कुमार चौधरी ने 2 नवंबर 2026 को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के समापन की घोषणा की।


