शिवपुरी। बम्हारी थाना क्षेत्र में अवैध शराब की रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिस की सक्रियता को लेकर सहरिया क्रांति के प्रदेश अध्यक्ष, शिवपुरी जिले के पदाधिकारियों एवं विभिन्न पंचायतों के सरपंचों ने नवागत थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद गौतम की सराहना की। इस अवसर पर सभी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि थाना परिसर बम्हारी पहुंचे और थाना प्रभारी विनोद गौतम सहित पुलिस स्टाफ को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान ग्राम बम्हारी के सरपंच सहित शिवपुरी जिले की अन्य पंचायतों के सरपंचों ने क्षेत्र में अवैध शराब पर प्रभावी रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों को सराहनीय बताते हुए पुलिस के प्रति विश्वास जताया। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि पुलिस इसी तरह सक्रियता और तत्परता के साथ जनहित में कार्य करती रहेगी। वहीं थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद गौतम ने सहरिया क्रांति के प्रदेश अध्यक्ष, जिला पदाधिकारियों एवं सभी सरपंचों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात ने पुलिस और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी विश्वास का संदेश दिया।



