जाट ढाबा और हरिओम ढाबा की सघन जांच
शिवपुरी। जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विशेष अभियान (स्पेशल ड्राइव) के तहत आबकारी विभाग की टीम ने कोलारस क्षेत्र में ढाबों की सघन जांच करने के साथ देर रात पड़ोरा चौराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध मदिरा कारोबार में संलिप्त लोगों में हलचल रही। यह कार्रवाई 5 नवंबर 2026 को कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं उपायुक्त आबकारी, संभागीय उड़नदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा के निर्देशों के पालन में जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के निर्देशन में की गई।
आबकारी टीम ने वृत्त कोलारस अंतर्गत जाट ढाबा और हरिओम ढाबा पर पहुंचकर सघन चेकिंग की। इसके बाद पड़ोरा चौराहे पर रात्रिकालीन वाहन जांच कर अवैध मदिरा के परिवहन पर निगरानी रखी। वृत्त प्रभारी बृजराज शर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत दो प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विक्रय, धारण, परिवहन, चौर्यनयन एवं अवैध विनिर्माण के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई में वृत्त प्रभारी बृजराज शर्मा के साथ आबकारी उपनिरीक्षक विनीत कुमार शर्मा, राहुल गुप्ता, लोकेश बेवारिया एवं आबकारी बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगामी दिनों में भी ढाबों, होटलों और मार्गों पर सघन जांच एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।


