पुलिस सायरन ने बिगाड़ा चोर का खेल, यूको बैंक की दीवार में सेंध लगाकर घुसने की कोशिश

MP DARPAN
0

बैराड़ में रात 3:47 बजे सब्बल लेकर पहुंचा बदमाश, गश्ती पुलिस की आहट मिलते ही भागा; सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

शिवपुरी। बैराड़ कस्बे में चोर ने यूको बैंक को निशाना बनाते हुए सेंधमारी की कोशिश की, लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस के सायरन ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। हाथ में सब्बल लेकर पहुंचे बदमाश ने बैंक की पिछली दीवार में छेद कर भीतर घुसने का प्रयास किया, लेकिन गश्ती पुलिस की आवाज सुनते ही वह दुम दबाकर मौके से भाग निकला। चोरी की यह पूरी कोशिश बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

सब्बल से दीवार तोड़ी, सायरन सुनते ही भागा

जानकारी के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 3:47 बजे एक युवक सब्बल लेकर यूको बैंक के पीछे पहुंचा। उसने सुनसान रात का फायदा उठाकर बैंक की पिछली दीवार में छेद करना शुरू कर दिया। उसका इरादा दीवार में सेंध लगाकर बैंक के भीतर दाखिल होने का था। इसी बीच करीब 3:50 बजे बैराड़ थाना पुलिस का गश्ती दल सायरन बजाते हुए बैंक के पास से गुजरा। सायरन की आवाज सुनते ही बदमाश घबरा गया और अपनी योजना अधूरी छोड़कर भाग निकला। सीसीटीवी फुटेज में वह सुबह करीब 4:01 बजे घटनास्थल से जाता दिखाई दे रहा है।

सुबह खुला बैंक तो सामने आई सेंधमारी की कोशिश

बुधवार सुबह बैंक खुलने पर कर्मचारियों ने दीवार में छेद देखा तो हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

बिना सुरक्षा गार्ड के चल रहा था बैंक

हैरानी की बात यह है कि बैराड़ स्थित यूको बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। ऐसे में रात के समय बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गनीमत रही कि पुलिस की गश्त के दौरान बजा सायरन चोर के लिए खतरे की घंटी बन गया और बड़ी वारदात टल गई। बैराड़ थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि बैंक मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top