पुत्री की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त सरिया जब्त
शिवपुरी। खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम गोरवर में जमीन विवाद के चलते हुई एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रीतम परिहार उम्र 54 वर्ष और उसकी पुत्री भावना परिहार उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम गोरवर शामिल हैं।
खनियाधाना टीआई संजय सिंह किरार के अनुसार, 2 नवंबर को फरियादी आशीष कुमार परिहार उम्र 20 वर्ष अपने पिता शिवचरन परिहार के साथ जमीन विवाद की शिकायत दर्ज कराने थाने जा रहा था। इसी दौरान शिवचरन रास्ते में गिर पड़े। परिजन उन्हें शासकीय अस्पताल खनियाधाना ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मर्ग जांच में परिजनों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर प्रीतम परिहार, भावना परिहार एवं अन्य के खिलाफ अपराध क्रमांक 412/2026 के तहत हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह किरार ने टीम गठित कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। भावना की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का सरिया भी जब्त किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद भावना को सर्किल जेल शिवपुरी और प्रीतम को उपजेल पिछोर भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक संजय सिंह किरार, उपनिरीक्षक अजय पटेल, प्रधान आरक्षक नरेंद्र सिंह पाल, नीतू सिंह, हीरा सिंह, सोनू यादव तथा आरक्षक हेम सिंह और अनूप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


