शिवपुरी के होनहार छात्र ने बढ़ाया जिले का गौरव, लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में हुआ चयन
शिवपुरी। शिवपुरी के प्रतिभावान छात्र प्रज्जवल शर्मा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में अपने प्रथम प्रयास में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें इंटीग्रल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, लखनऊ में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला है।
प्रज्जवल ने कक्षा 12वीं की पढ़ाई के साथ ही बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के पहली बार में ही नीट जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। इससे पूर्व इंटरमीडिएट परीक्षा में भी उन्हें मध्यप्रदेश शासन की ओर से स्कॉलरशिप प्राप्त हुई थी। प्रज्जवल की इस उपलब्धि पर उनके पिता नंदकिशोर शर्मा, जो केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पूर्व निज सहायक रह चुके हैं, एवं माता श्रीमती प्रेरणा शर्मा को बधाई दी जा रही है। उनकी सफलता में माता-पिता के मार्गदर्शन, पारिवारिक संस्कार और स्वयं की मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रज्जवल की इस उपलब्धि से परिवारजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की है कि वे भविष्य में एक कुशल चिकित्सक बनकर चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देंगे।


