शिवपुरी। आगामी दिनों में शिवपुरी में आयोजित होने वाले रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के तहत विशाल स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों को लेकर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले मरीजों के लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारू और व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके।
सिंधिया ने कहा कि यह आयोजन केवल एक संसदीय क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्वालियर संसदीय क्षेत्र के करैरा, पोहरी और गुना के साथ-साथ राजगढ़ संसदीय क्षेत्र के चाचौड़ा और राधौगढ़ के मरीजों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने इस शिविर को स्वास्थ्य का महाकुंभ बताते हुए कहा कि सेवा भावना के साथ सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर कार्य करें, ताकि दूर-दराज के मरीजों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को लाने-ले जाने की व्यवस्था, पंजीयन प्रक्रिया, जांच, ऑपरेशन तथा उपचार से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित और पारदर्शी हों। साथ ही शिवपुरी, गुना और अशोकनगर के कलेक्टर, प्रभारी मंत्री और पार्टी पदाधिकारी आपसी समन्वय से काम करें, ताकि आठ दिनों तक चलने वाला यह सेवा पर्व सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक में ऊर्जा मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रभारी मंत्री गोविन्द राजपूत और राकेश शुक्ला, तीनों जिलों के कलेक्टर, पार्टी के जिलाध्यक्ष, रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन, सचिव डॉ. प्रदीप पाराशर, श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. अनूपराज चोपड़ा, सचिव रमेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


