शिवपुरी। शहर में सुबह-सुबह एक महिला से चैन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। फिजिकल थाना क्षेत्र की मोहनी सागर कॉलोनी में मंदिर से लौट रही शासकीय शिक्षक की पत्नी के गले से बाइक सवार दो बदमाश सोने की चैन झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मोहनी सागर कॉलोनी के एफ-15 में रहने वाले शासकीय शिक्षक कौशल गौतम की 57 वर्षीय पत्नी दीपक गौतम बुधवार सुबह टीवी टॉवर रोड स्थित शीतला माता मंदिर में दर्शन करने गई थीं। सुबह करीब 8:15 बजे जब वह दर्शन कर लौट रही थीं और कॉलोनी के गेट नंबर-4 से अंदर प्रवेश कर रही थीं, तभी बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आकर रुके। बताया गया है कि बदमाशों ने महिला से कॉलोनी में रहने वाले जैन साहब का पता पूछा। महिला ने उन्हें पीछे वाले ब्लॉक की ओर जाने का रास्ता बताया। इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चैन खींच ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं सकीं और दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने था, जबकि पीछे बैठा युवक गले में गमछा डालकर आधा चेहरा ढके हुए था। दोनों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पड़ताल शुरू कर दी है और कॉलोनी व मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


