शिवपुरी। जिले में अवैध रेत कारोबार पर शिकंजा कसते हुए खनिज विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश और खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में प्रभारी खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास ने अपनी टीम के साथ छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रेत भंडारण करने वाले दो लोगों पर प्रकरण दर्ज किए, जबकि अवैध परिवहन कर रहे 14 चक्का हाईवा वाहन को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास ने टीम के साथ करौंदी सबवेल चौराहा क्षेत्र के आसपास स्थित रेत भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खिन्नी नाका निवासी राघवेंद्र शर्मा और विवेकानंदपुरम कॉलोनी निवासी सुनील राजे के खिलाफ अवैध रेत भंडारण पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने अमोला थाना क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए एक 14 चक्का हाईवा वाहन को भी पकड़ा। वाहन चालक परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन को जब्त कर अमोला थाना परिसर में सुरक्षा के लिए खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग के अनुसार होली अवकाश से पहले भी शिवपुरी तहसील क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इस कार्रवाई में दर्ज सभी प्रकरणों को अर्थदंड निर्धारण के लिए कलेक्टर न्यायालय भेजा जा रहा है। खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले रेत माफियाओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


