बदरवास वन विभाग की एक सप्ताह में तीसरी बड़ी कार्रवाई, वन भूमि पर कब्जे की कोशिश नाकाम, ट्रैक्टर-कल्टीवेटर जब्त

MP DARPAN
0

वन माफियाओं और अतिक्रमणकारियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाईयां जारी 

शिवपुरी। बदरवास वन विभाग ने वन माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाते हुए एक सप्ताह के भीतर तीसरी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ताजा कार्रवाई में आज गणेशखेड़ा उप-रेंज की संरक्षित वन भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश को नाकाम करते हुए वन विभाग ने मौके से ट्रैक्टर-कल्टीवेटर जब्त कर लिया। विभाग की लगातार हो रही कार्रवाई से वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, वन मंडल अधिकारी सुधांशु यादव एवं उपवन मंडल अधिकारी करैरा आदित्य शांडिल्य के निर्देशन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी बदरवास रवि पटेरिया के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम ने गणेशखेड़ा उप-रेंज की गणेशखेड़ा बीट के संरक्षित वन पी.एफ. क्रमांक 1207 में दबिश दी। यहां ट्रैक्टर-कल्टीवेटर से वन भूमि की जुताई कर अवैध अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था। वन अमले को देखकर मौके पर मौजूद लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। टीम ने तत्काल ट्रैक्टर-कल्टीवेटर जब्त कर रेंज कार्यालय बदरवास में सुरक्षित रखवा दिया तथा संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। गौरतलब है कि यह एक सप्ताह में बदरवास वन विभाग की तीसरी बड़ी कार्रवाई है। पहली कार्रवाई बदरवास सब-रेंज में की गई थी, जहां वन भूमि पर अतिक्रमण में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर जब्त किया गया था। इसके बाद दूसरी कार्रवाई कोटरी बीट के आरएफ-178 सब-रेंज बदरवास-बी में की गई, जहां अवैध जुताई करते हुए एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। अब तीसरी कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वन विभाग अतिक्रमण के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। वन परिक्षेत्र अधिकारी रवि पटेरिया ने कहा कि वन भूमि पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकारी वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में डिप्टी रेंजर तुलाराम जाटव, डिप्टी रेंजर मिहीलाल जाटव, वनरक्षक राजा सिंह, सोनेराम पाल, कुणाल शर्मा, अरुणेश सिंह तथा चौकीदार महेश धाकड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top