चार दिन से बच्चों को नहीं मिला मध्यान्ह भोजन, कलेक्टर के निर्देश पर समूह हटाया

MP DARPAN
0

सिंघारई स्कूल में अनियमितताएं उजागर, प्रधानाध्यापक, जन शिक्षक और बीआरसीसी को नोटिस

शिवपुरी। सरकारी स्कूलों में बच्चों के निवाले पर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। रन्नौद तहसील के ग्राम सिंघारई स्थित शासकीय एकीकृत प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में जांच के दौरान खुलासा हुआ कि पिछले चार दिनों से विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन ही नहीं मिला। भोजन वितरण में अनियमितताओं और अभिलेखों के संधारण में लापरवाही सामने आने पर संबंधित स्व-सहायता समूह को भोजन वितरण कार्य से हटा दिया गया है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया है। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की प्रभारी अधिकारी सीमा उपाध्याय ने शिकायतों के आधार पर विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। जांच में निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन वितरण नहीं होने की पुष्टि हुई। तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से भोजन वितरण दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

जिम्मेदार अधिकारियों से मांगा जवाब

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज ने जवाबदेही तय करते हुए पीएमश्री एकीकृत शासकीय विद्यालय सिंघारई के प्रभारी पहलवान सिंह, जन शिक्षक जनपद शिक्षा केंद्र बदरवास के राकेश श्रीवास्तव और बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

तीन अन्य स्कूलों में भी मिली गड़बड़ी

निरीक्षण के दौरान शिवपुरी विकासखंड के नवीन प्राथमिक विद्यालय शिवनगर में ठाकुर बाबा स्व-सहायता समूह द्वारा कई दिनों से भोजन वितरित नहीं किए जाने पर बीआरसीसी अतर सिंह राजोरिया और एमडीएम प्रभारी एवं बीएसी सुनील राठौर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। वहीं, एकीकृत शासकीय प्राथमिक-माध्यमिक विद्यालय मुढेरी में निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन नहीं मिलने पर संबंधित समूह को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। शासकीय प्राथमिक कन्या विद्यालय मनपुरा में मिशा स्व-सहायता समूह द्वारा कई दिनों से भोजन वितरण नहीं किए जाने की पुष्टि हुई। यहां प्रधानाध्यापक के माध्यम से बीआरसीसी पिछोर को लिखित स्पष्टीकरण देने और शाला प्रबंधन समिति के जरिए वैकल्पिक भोजन व्यवस्था शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top