स्टॉक और दस्तावेजों में मिलीं अनियमितताएं, महाराज कृषि सेवा केंद्र और विवेक बीज भंडार को नोटिस
शिवपुरी। रबी सीजन में किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने के लिए कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर गुरुवार को लुकवासा क्षेत्र में खाद, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर एक दुकान सील कर दी गई, जबकि दो अन्य प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य और विकासखंड कोलारस के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के संयुक्त दल ने लुकवासा एवं आसपास के क्षेत्रों में दुकानों की जांच की। इस दौरान प्रोपराइटर श्रीराम रघुवंशी के मैसर्स श्रीराम कृषि सेवा केंद्र में स्टॉक और दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलने पर प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं, मैसर्स महाराज कृषि सेवा केंद्र के प्रोपराइटर आशीष शर्मा और मैसर्स विवेक बीज भंडार, लुकवासा को भी अनियमितताओं के चलते नोटिस जारी किए गए।
डीएपी के विकल्प अपनाने की सलाह
उपसंचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य ने किसानों को रबी फसलों की बोनी में डीएपी के स्थान पर एनपीके मिश्रित उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, 12:32:16, 16:16:16, 10:26:26 और अन्य उपयुक्त ग्रेड से फसलों को आवश्यक पोषक तत्व मिल सकते हैं। साथ ही सीमित सिंचाई जल को देखते हुए चना, मसूर, सरसों और अलसी जैसी स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल फसलों तथा कम पानी में सिंचाई की पद्धतियां अपनाने की अपील की गई है। किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन के लिए कृषि विभाग के मैदानी अमले और कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।


