विजयादशमी पर पुलिस लाइन में हुआ शस्त्र पूजन, कलेक्टर-एसपी ने दी खुशहाली की शुभकामनाएं

MP DARPAN
0

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई पूजा-अर्चना

शिवपुरी। विजयादशमी के पावन पर्व पर मंगलवार को पुलिस परेड ग्राउंड शिवपुरी में परंपरागत रूप से अस्त्र-शस्त्र, गोला-बारूद और पुलिस वाहनों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, कलेक्टर अर्पित वर्मा और पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह विशेष रूप से मौजूद रहे। पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति, रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती, लाइन सूबेदार, शहर के थाना प्रभारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पूजन के दौरान रक्षित केंद्र में उपलब्ध अस्त्र-शस्त्र, एम्युनिशन और पुलिस वाहनों की साफ-सफाई के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए जिले के सभी थानों और चौकियों में भी शस्त्रों एवं वाहनों का पूजन किया गया।

परंपरा के साथ कर्तव्य और विजय का संकल्प

विजयादशमी को असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक माना जाता है। भारतीय परंपरा में इस दिन शस्त्र पूजन का विशेष महत्व है। पुलिस विभाग में भी यह परंपरा कर्तव्य, साहस और जनसुरक्षा के संकल्प का प्रतीक मानी जाती है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं उपस्थित अतिथियों ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों सहित जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, खुशहाली और सफलता की कामना की। पर्व के दौरान पुलिस विभाग ने परंपरा के निर्वहन के साथ जनसेवा और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top