सभी का राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए चयन, सुखवीर सर के मार्गदर्शन में खिलाडिय़ों ने बढ़ाया जिले का मान
शिवपुरी। खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाने की दिशा में शिवपुरी स्केट एकेडमी के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 70वीं संभाग स्तरीय एसजीएफआई प्रतियोगिता में एकेडमी के 27 खिलाडिय़ों ने अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्गों में करीब 35 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता 14 से 17 अक्टूबर तक आईटीएम ग्लोबल स्कूल झांसी रोड ग्वालियर में आयोजित हुई। शिवपुरी जिले के विभिन्न स्कूलों के करीब 37 छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि जेडी आरके सिंह उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय कोच सुखवीर सर, दल प्रबंधक विवेक वधन शर्मा एवं मैनेजर हेमन्त जाटव के मार्गदर्शन में खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-11 वर्ग में गुरूबख्श सिंह ने दो स्वर्ण और एक रजत, दिवित गोयल ने एक स्वर्ण व एक कांस्य तथा काव्या सिकरवार ने एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते। अंडर-14 वर्ग में वैष्णवी योगी ने दो स्वर्ण, भव्या तिवारी ने एक स्वर्ण व एक रजत तथा गर्वित अग्रवाल ने एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल किए। अंडर-17 में वंशिका गर्ग ने एक सिल्वर व दो कांस्य, जबकि अंडर-19 में आयन खान ने दो स्वर्ण पदक जीते। कृष्णा शर्मा, आर्यमन शर्मा, आर्यन रावत और रुद्रप्रताप जाट ने भी एक-एक पदक अपने नाम किया। अन्य स्कूलों के खिलाडिय़ों में अंडर-17 की अवनी तिवारी ने एक सिल्वर व एक कांस्य, अंडर-11 की स्वस्ति तिवारी ने एक कांस्य और श्रेया जैन ने एक रजत पदक जीता। अंडर-14 में देव झा और कुश भार्गव ने एक-एक कांस्य, अंडर-17 में राघव गर्ग ने एक रजत व एक कांस्य तथा अंडर-11 में समर हिंडोलिया ने तीन कांस्य पदक हासिल किए।
मेहनत और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी: सुखवीर सर
शिवपुरी स्केट एकेडमी के संचालक एवं राष्ट्रीय कोच सुखवीर सर ने सभी खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता बच्चों की मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। हमारा उद्देश्य केवल पदक जिताना नहीं, बल्कि बच्चों को बेहतर खिलाड़ी बनाकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शिवपुरी का गौरव बढ़ाना है। सभी चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करें। सुखवीर सर ने बताया कि नवंबर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाडिय़ों का चयन किया गया है। स्केटिंग सीखने के इच्छुक बच्चों के लिए वीर सावरकर पार्क में प्रतिदिन शाम पांच से सात बजे तक कक्षाएं संचालित की जाती हैं।


