पुलिस स्मृति दिवस पर एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने 154 शहीद जवानों के नामों का किया वाचन, शहीद स्मारक पर अर्पित किए पुष्प
शिवपुरी। देश की आन, बान और शान की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिस जवानों की शहादत को बुधवार को शिवपुरी पुलिस ने नमन किया। पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड के शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 जवानों के नामों का वाचन कर उन्हें सलामी दी और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीद जवानों के परिवारजनों को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
पुलिस स्मृति दिवस का इतिहास 21 अक्टूबर 1959 की उस घटना से जुड़ा है, जब लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में भारत-तिब्बत सीमा की सुरक्षा के दौरान चीनी सैनिकों ने गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया था। इस संघर्ष में 10 वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्हीं की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम में जिला प्रधान न्यायाधीश राजेन्द्र प्रसाद सोनी, आईबी प्रिंसिपल शिवपुरी, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, डीएफओ सुधांशु यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति, सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे और रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती मौजूद रहे। कोतवाली, देहात, फिजिकल एवं यातायात थाना प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में शहीद परिवारों का सम्मान कर उनके त्याग और साहस के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। उपस्थित अधिकारियों ने देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस जवानों के योगदान को याद किया।


